|
थाईलैंड और कंबोडिया के नेता आज यानी सोमवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में मिलेंगे. यह बैठक दोनों देशों के बीच घातक सीमा संघर्ष को शांत करने के लिए हो रही है. हाल के दिनों में इस विवाद में 30 से ज्यादा लोग मारे गए हैं. मलेशिया जो आसियान का अध्यक्ष है, युद्धविराम और हिंसा कम करने के लिए मध्यस्थता कर रहा है. पिछले हफ्ते दोनों देशों की 817 किलोमीटर लंबी सीमा पर तनाव बढ़ गया. थाईलैंड और कंबोडिया ने एक-दूसरे पर तोपखाने से हमले करने का आरोप लगाया. कई गोले ऐतिहासिक मंदिरों के पास गिरे. इससे प्राचीन मंदिरों को नुकसान पहुंचा. कंबोडिया ने थाई सेना पर ता मोआन थॉम और प्रीह विहेअर मंदिरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. थाईलैंड ने जवाब में कंबोडियाई सैनिकों पर थाई नागरिकों के इलाकों पर हमले का आरोप लगाया.
|